अलवर, 11 अप्रैल 2026।
शनिवार रात अलवर शहर का दशहरा मैदान आस्था और भक्ति की अद्भुत रोशनी से जगमगा उठा। मौका था श्याम बाबा के भव्य जागरण का, जहां हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा। दीपों की जगमगाहट और मधुर भजनों की स्वर-लहरियों ने रात को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

इस भव्य आयोजन में भजन सम्राट Chhotu Singh Rawna ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। मंच से उन्होंने अपने लोकप्रिय भजन सहित कई भजन सुनाये।
“तीन बाण के धारी, तीनों बाण चलाओ ना,
मुश्किल में है दास तुम्हारा, जल्दी आओ ना,
हारे के सहारे, मेरी हार भगाओ ना…”
उन्होंने कहा कि यह भजन उनके दिल की गहराइयों से निकला है, और इसी कारण भक्तों के दिलों में खास जगह बना चुका है।
कार्यक्रम के दौरान भजन गायक Kanhaiya Mittal के साथ हुए हालिया विवाद पर पूछे जाने पर छोटू सिंह रावणा ने कहा कि भजन गायकी में मेहनत और तनाव दोनों होते हैं, इसलिए कभी-कभी छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं—इन्हें तूल देने की जरूरत नहीं है। वहीं, Ravindra Singh Bhati से जुड़े विवाद को लेकर उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई अनुचित व्यवहार करे तो अपने अधिकार के लिए आवाज उठाना जरूरी है और उन्होंने इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई है।
अंत में उन्होंने भक्ति का संदेश देते हुए कहा कि भजन सिर्फ सुरों का नहीं, बल्कि सच्चे भाव का विषय है—मन से गाया जाए तो पत्थर में भी प्रभु के दर्शन हो सकते हैं। जागरण देर रात तक चलता रहा और हजारों श्रद्धालु श्याम भक्ति के रस में डूबे रहे।
अन्य कलाकारों ने भी बाबा का किया गुणगान
भजन संध्या में प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां हुई । जैसलमेर से छोटू सिंह रावण सहित वृंदावन से पारस लाडला, माधवी शर्मा और अलवर के स्थानीय कलाकार संजय शर्मा व मोहन यदूवंशी बाबा श्याम के भजनों से भक्तों को भाव-विभोर किया।
