अलवर, 24 फरवरी।
अलवर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक आज चेयरमैन नितिन सांगवान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दुग्ध उत्पादक किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
किसान कल्याण में बड़ा इजाफा
चेयरमैन नितिन सांगवान ने बताया कि समिति सचिव की सामान्य मृत्यु पर दी जाने वाली 1 लाख रुपये की सहायता राशि बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं दुर्घटना मृत्यु पर 2 लाख रुपये के स्थान पर अब 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
गंभीर बीमारी की स्थिति में सहायता राशि 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दी गई है।
‘मायरा योजना’ के तहत सहायता
सरस डेयरी में मायरा योजना के तहत सक्रिय दुग्ध उत्पादक सदस्यों की दो पुत्रियों के विवाह पर 21-21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया।
3 लाख लीटर क्षमता का नया प्लांट
अलवर डेयरी में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने के लिए 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का नया प्लांट स्थापित करने को स्वीकृति दी गई। इससे क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बेहतर विपणन और भुगतान सुविधा मिलेगी।
एनपीडीडी योजना के तहत सहायता
एनपीडीडी (National Programme for Dairy Development) योजना के तहत केंद्र सरकार से 50 प्रतिशत अनुदान पर 140 नई पंजीकृत समितियों को लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
मार्केटिंग विस्तार की तैयारी
डेयरी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए बहरोड़, नीमराना और भिवाड़ी में नए कार्यालय खोले जाएंगे, जहां डेयरी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
बैठक में लिए गए इन निर्णयों को दुग्ध उत्पादक किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और डेयरी क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
