अलवर, 21 सितंबर 2026। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत अलवर जिले की 10 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव सोमवार को सम्पन्न हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि नगर निगम अलवर समेत जिले की नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कर ली गई। नगर पालिका खेरली और गोविन्दगढ़-रामबास में अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए।
सुमनलता अग्रवाल बनीं अलवर नगर निगम की मेयर
अलवर नगर निगम के महापौर पद के चुनाव में भाजपा की सुमनलता अग्रवाल ने कांग्रेस की कमलेश शर्मा को 19 मतों के अंतर से हराया। सुमनलता अग्रवाल को 42 मत मिले, जबकि कमलेश शर्मा को 23 मत प्राप्त हुए।
इन नगर पालिकाओं में चुने गए अध्यक्ष
- कठूमर: कांग्रेस की सोरन देई ने भाजपा की मणी को 4 मतों से हराया। सोरन देई को 12 और मणी को 8 मत मिले।
- बहादुरपुर: भाजपा के बलवंत सिंह यादव ने कांग्रेस के अजीत सिंह को 11 मतों से हराया। यादव को 18 और अजीत सिंह को 7 मत मिले।
- थानागाजी: कांग्रेस की पपीता देवी ने भाजपा की अनिता को 5 मतों से हराया। पपीता देवी को 15 और अनिता को 10 मत मिले।
- लक्ष्मणगढ़: भाजपा की मीना गुप्ता ने कांग्रेस की डॉ. पायल भारद्वाज को 13 मतों से हराया। मीना गुप्ता को 19 और पायल भारद्वाज को 6 मत मिले।
- मालाखेड़ा: कांग्रेस की सावित्री मीणा ने भाजपा के पूरण चन्द मीणा को 6 मतों से हराया। सावित्री मीणा को 13 और पूरण चन्द मीणा को 7 मत मिले।
- बड़ौदामेव: भाजपा की कविता ने कांग्रेस की सुकमा को 2 मतों से हराया। कविता को 13 और सुकमा को 11 मत मिले।
- राजगढ़: भाजपा की रेखा देवी ने निर्दलीय राजकुमार सैनी को 18 मतों से हराया। रेखा देवी को 29 और राजकुमार सैनी को 11 मत मिले।
- रामगढ़: भाजपा के प्रेम ने कांग्रेस के गुरूबक्स को 11 मतों से हराया। प्रेम को 23 और गुरूबक्स को 12 मत मिले।
- नौगांवा: भाजपा की बिरमा ने कांग्रेस की ममता को 8 मतों से हराया। बिरमा को 14 और ममता को 6 मत मिले।
- गोविन्दगढ़-रामबास: भाजपा की मधु देवी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं।
- खेरली: भाजपा के पवन कुमार जैन निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।
22 सितंबर को होगा उपाध्यक्ष पद का चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरीय निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। बैठक की शुरुआत सुबह 10 बजे नगर निगम कार्यालय में होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने का समय दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
यदि मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी।
