अलवर, 16 अगस्त। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अलवर की ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन विरासत का उल्लेख करते हुए बाबा भरतरी की तपोभूमि, पांडुपोल मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, नीलकंठ, नंदेश्वर और करणी माता के चरणों में प्रणाम किया।
अमित शाह ने कहा कि मत्स्य भूमि अलवर वह क्षेत्र है, जहां पांडवों ने अज्ञातवास का समय बिताया था। उन्होंने सरिस्का, सिलिसेढ़, बाला किला, सागर और मूसी महारानी की छतरी सहित अलवर के प्रमुख स्थलों का भी उल्लेख किया। शाह ने आगामी निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
17 जिलों को 6,453 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 17 जिलों को कुल 6,453 करोड़ रुपये के 954 विकास कार्यों की सौगात मिली।
अलवर जिले में 783 करोड़ रुपये की लागत के 151 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें सरस डेयरी के 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए प्लांट का शिलान्यास और मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण प्रमुख रूप से शामिल रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश के 10,548 नव नियुक्त कार्मिकों तथा अलवर जिले के 461 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
किसानों के खातों में पहुंची मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 66.74 लाख लाभार्थी किसानों के लिए मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त के तहत 667.40 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए। इनमें अलवर जिले के 1.47 लाख किसानों के खातों में 14.72 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।
अमित शाह के पहुंचने में देरी, कुछ लोग लौटे
अमित शाह करीब 4 बजे अलवर पहुंचे। कार्यक्रम में देरी होने के कारण सुबह से विजय नगर ग्राउंड में मौजूद भीड़ में से कुछ लोग अपने वाहनों से वापस लौट गए। हालांकि इसके बावजूद जनसभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पंडाल में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और अन्य वर्गों के लोग नजर आए।

तेज गर्मी के बीच सरस डेयरी ने बांटी मुफ्त लस्सी
अलवर में रविवार को तेज गर्मी के बीच जनसभा में पहुंची भीड़ को राहत देने के लिए सरस डेयरी की ओर से मुफ्त लस्सी के पाउच वितरित किए गए। सरस डेयरी के वाहनों से कर्मचारियों ने लोगों को लस्सी बांटी। गर्मी के बीच ठंडी लस्सी मिलने से जनसभा में पहुंचे लोगों को राहत मिली।
कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, जोराराम कुमावत, जवाहर सिंह बेढ़म सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
