- Advertisement -

अलवर में एमएस बिट्टा ने पाकिस्तान को ललकारा, बोले- कश्मीर हमारा है और हमारा ही रहेगा

- Advertisement -
- Advertisement -

अलवर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलवर के कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित स्वतंत्रता गौरव उत्सव में ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट (AIATF) के चेयरमैन एम.एस. बिट्टा यानी मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “पाक तेरा ख्वाब एक नजारा ही रहेगा, तू किस्मत का मारा है, मारा ही रहेगा। तेरे हर सवाल का जवाब करारा ही रहेगा। कश्मीर हमारा है, हमारा ही रहेगा।” उनके इन शब्दों के बाद कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा… भारत माता की जय ओर जय हिन्द के नारे गूंज उठे।

स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एम.एस. बिट्टा ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश ने आतंकवाद और हिंसा का दर्द झेला। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोगों को यह चिंता रहती थी कि यह जंग कब खत्म होगी और कब जवानों की शहादत रुकेगी। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद देश में एक झंडा, एक संविधान और एक राष्ट्रगान की भावना और मजबूत हुई है।

बिट्टा ने कहा कि आज घर-घर तिरंगा दिखाई देता है और देश एकजुट होकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन का समापन “तेरा वैभव अमर रहे, मां, हम रहें न रहें, तेरा वैभव अमर रहे” के भाव के साथ किया।

कौन हैं एमएस बिट्टा

मनिंदरजीत सिंह बिट्टा, जिन्हें एमएस बिट्टा के नाम से जाना जाता है, ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट (AIATF) के चेयरमैन हैं। वे पूर्व में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं और पंजाब सरकार में मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। AIATF की स्थापना आतंकवाद के खिलाफ जनजागरूकता और राष्ट्रवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी।

बिट्टा लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ मुखर आवाज के रूप में जाने जाते हैं। आतंकवादियों ने उन्हें कई बार निशाना बनाया। 11 सितंबर 1993 को नई दिल्ली के रायसीना रोड स्थित यूथ कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुए कार बम विस्फोट में बिट्टा को निशाना बनाया गया था। इस हमले में कई लोगों की मौत हुई और बिट्टा घायल हुए थे।

इन्हीं घटनाओं के बाद बिट्टा की पहचान आतंकवाद के खिलाफ लगातार आवाज उठाने वाले नेताओं में बनी।इसी गंभीर खतरे को देखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहती है। अलवर में 15 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान भी उनके साथ बड़ी संख्या में कमांडो और सुरक्षाकर्मी नजर आए। वे देश की एकता, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शहीद परिवारों के समर्थन जैसे मुद्दों पर लगातार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखते रहे हैं।

अलवर के कार्यक्रम में उमड़ा देशभक्ति का माहौल

स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर विजय ने बताया कि समिति की ओर से कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव, तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ, जनप्रतिनिधि, इटाराणा छावनी से सेना के अधिकारी एवं जवान तथा पुलिस के जवान मौजूद रहे। इस दौरान वीरांगनाओ का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों और जवानों का तिरंगे के दुपट्टे से सम्मान किया गया। वहीं एसबीआई बैंक की ओर से बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।

- Advertisement -
NCR Sandesh
NCR Sandeshhttps://ncrsandesh.in/
एनसीआर संदेश न सिर्फ मुख्यधारा की खबरों को कवर करता है, बल्कि उन आवाज़ों को भी मंच देता है जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। हमारी खबरों की ख़ासियत है – तेज़ अपडेट्स, निष्पक्ष दृष्टिकोण और गहराई से विश्लेषण।

Latest news

- Advertisement -

संबंधित खबरें

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here