- Advertisement -

पेंथर ने मानावास में घर के बाहर बंधे भैंस के पाड़े का किया शिकार, शहर में लादिया मोहल्ले में CCTV में दिखा, लोगों में दहशत

- Advertisement -
- Advertisement -

एनसीआर संदेश /अलवर, 04अगस्त 2026। जिले में पेंथर की लगातार बढ़ती आवाजाही लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। ताज़ा मामला तालवृक्ष क्षेत्र के मानावास गांव का है, जहां मंगलवार अलसुबह एक पेंथर ने ग्रामीण शेखर धानका के घर में बंधे भैंस के पाड़े का शिकार कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पेंथर आबादी क्षेत्र तक पहुंच चुका है और घरों में छोटे-छोटे बच्चे होने के कारण हर समय डर का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश दायमा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग का मौके पर नहीं पहुंचना गंभीर लापरवाही है। उनका कहना है कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार पेंथर गांव में दिखाई दे चुका है, लेकिन शिकायतों के बावजूद वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र में पिंजरा लगाने, लगातार निगरानी रखने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

शहर में भी दिखा पेंथर, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

इधर अलवर शहर के लादिया मोहल्ले में भी देर रात एक पेंथर दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। एक मकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में पेंथर गली में घूमता दिखाई देता है। उसके आते ही आसपास मौजूद कुत्ते भाग जाते हैं। इसके बाद पेंथर एक खाली पड़े मकान में घुस जाता है और कुछ देर बाद वहां से निकल जाता है।

सुबह जब स्थानीय लोगों ने CCTV फुटेज देखा तो उनके होश उड़ गए। घनी आबादी वाले इलाके में पेंथर की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है।

कुछ दिन पहले मेडिकल कॉलेज की दीवार पर भी दिखा था पेंथर

गौरतलब है कि जुलाई माह में भी देर रात जेल चौराहा स्थित मेडिकल कॉलेज की दीवार पर एक पेंथर CCTV कैमरे में दिखाई दिया था। वन्यजीव जानकारों का मानना है कि सरिस्का क्षेत्र में टाइगरों की बढ़ती गतिविधियों और जंगलों में बदलते मूवमेंट के कारण पेंथर आबादी वाले इलाकों की ओर आ रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग

आबादी क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाया जाए।

– वन विभाग की नियमित गश्त कराई जाए।

– रात के समय निगरानी बढ़ाई जाए।

– लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

- Advertisement -
NCR Sandesh
NCR Sandeshhttps://ncrsandesh.in/
एनसीआर संदेश न सिर्फ मुख्यधारा की खबरों को कवर करता है, बल्कि उन आवाज़ों को भी मंच देता है जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। हमारी खबरों की ख़ासियत है – तेज़ अपडेट्स, निष्पक्ष दृष्टिकोण और गहराई से विश्लेषण।

Latest news

- Advertisement -

संबंधित खबरें

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here