अलवर, 23 जून। पंजाब राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ के प्रशासक गुलाब चन्द कटारिया एवं राजस्थान विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को प्रताप ऑडिटोरियम में सुन्दर सिंह भण्डारी चेरिटेबल ट्रस्ट उदयपुर द्वारा आयोजित स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी एवं स्व. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर व्याख्यान माला एवं विशिष्ट जन सम्मान समारोह में शिरकत देशसेवा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पंजाब राज्यपाल कटारिया ने स्व. सुन्दर सिंह भण्डारी एवं स्व. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन तथा बहुमुखी व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भण्डारी का जीवन राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा था। युवा पीढी को इनके जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति के प्रति संकल्पित भावना से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमें सब कुछ देता है, हमें भी जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की भूमि ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रही है। इसको आगे बढाते हुए हमें भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का व्यक्तित्व प्रेरणादायी रहने के साथ-साथ उनका जीवन राष्ट्रीय भावना के निर्माण के समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देशभक्ति की भावना के साथ प्रखर राजनीतिज्ञ के रूप में कार्य करते हुए देश को आगे ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि समारोह में सम्मानित किए गए वरिष्ठजनों ने राष्ट्र प्रेम को अग्रणी रखते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। इनसे युवा पीढी को सीख लेकर देश को आगे बढाने में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करना चाहिए।
राजस्थान विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि उनके आदर्श, नैतिक मूल्य एवं राष्ट्रभक्ति आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्र की अखण्डता के विचार पर बल देते थे, इस विचार को स्व. भण्डारी ने आगे बढ़ाने के लिए निरन्तर कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन महापुरूषों के विचारों को आगे बढाते हुए वसुदेव कुटुम्बकम की भावना के साथ विकसित भारत की परिसंकल्पना को साकार करने की दिशा में अनवरत रूप से कार्य कर रहे हैं।
वरिष्ठजनों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में अतिथियों ने देशसेवा एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 वरिष्ठजनों को सम्मानित किया, जिसमें अलवर से तिलकराज गांधी एवं पं. धर्मवीर शर्मा, झालावाड़ से ताराचंद गोयल, ओमप्रकाश गुप्ता एवं बालचंद आर्यवीर, बीकानेर से सुरेन्द्र सिंह यादव एवं निर्मल कुमार बारडिया, झुंझुनूं से बनवारी लाल चेजारा एवं रामस्वरूप शर्मा, सीकर से हरदयाल वर्मा एवं भागीरथ चौधरी, मध्यप्रदेश से लोकेन्द्र सिंह राठौड, जयपुर से बिशन सिंह तंवर, उदयपुर से वैद्य लक्ष्मीनारायण जोशी, नागौर से प्रमिला शर्मा, राजसमंद से नारायण लाल उपाध्याय, श्रीगंगानगर से गौरीशंकर गुप्ता, पाली से लाल तथा भरतपुर से सुमन बंसल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन उपेन्द्र मिश्रा ने किया।
इस दौरान तिजारा विधायक महन्त बालकनाथ, रामगढ विधायक सुखवंत सिंह, कठूमर विधायक रमेश खिंची, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, शंकर लाल, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता व महासिंह चौधरी, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, जयराम जाटव एवं रामहेत यादव,मामन सिंह यादव, मंगलराम कोली व ज्ञानदेव आहूजा, कार्यक्रम संयोजक महावीर उपाध्याय, अश्विनी जावली, सौरभ कालरा सहित प्रबुद्धजन एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
आमजन उपस्थित रहे।
