अलवर, 18 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को अलवर सहित पूरे राजस्थान में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत स्तर तक सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन होगा।
अलवर जिले में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और आमजन के साथ योगाभ्यास करेंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत राज्यभर में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रभारी मंत्री, बोर्ड एवं आयोगों के अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी प्रभारी जनप्रतिनिधि 20 जून को ही अपने-अपने जिलों में पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
राज्य स्तर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी अजमेर तथा उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भीलवाड़ा में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं विभिन्न जिलों में मंत्री एवं राज्यमंत्री योग के महत्व का संदेश देते हुए आमजन के साथ योगाभ्यास करेंगे।
अलवर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। योग दिवस के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक संतुलन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
