अलवर, 15 मार्च 2026। वीर सेनानी राजा हसन खां मेवाती के शहीदी दिवस के अवसर पर रविवार को अलवर के बहरोड़ रोड स्थित उनके पैनोरमा पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शहीद राजा हसन खां मेवाती को खिराज-ए-अकीदत पेश की और उनके बलिदान व विचारों को याद किया।
समारोह में शहीद राजा हसन खां मेवाती के साहस, देशभक्ति और भाईचारे की भावना पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने देश की एकता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।

दिल्ली से आए असलम गोरवाल ने भेंट किया वाटर कूलर
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली से आए विशिष्ट अतिथि असलम गोरवाल ने पैनोरमा परिसर में श्रद्धांजलि स्वरूप एक वाटर कूलर भेंट किया, जिसका फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
बाबर की सेना से लोहा लिया
समारोह के मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर ने कहा कि राजा हसन खां मेवाती ने अनेकता में एकता की मिसाल कायम करते हुए राणा सांगा के साथ मिलकर बाबर की सेना से वीरतापूर्वक युद्ध किया। उन्होंने हमेशा देश को सर्वोपरि रखा और आक्रमणकारियों के खिलाफ डटकर मुकाबला किया।
उन्होंने कहा कि हसन खां मेवाती विद्वानों और कलाकारों का सम्मान करते थे और खुद भी शायरी किया करते थे। उनके जीवन से राष्ट्रभक्ति, धार्मिक सौहार्द और एकता का संदेश मिलता है।
खानवा के युद्ध में हुए शहीद
विशिष्ट अतिथि असलम गोरवाल ने बताया कि राजा हसन खां मेवाती ने लगभग 12 हजार मेवाती घुड़सवार सैनिकों के साथ खानवा का युद्ध में भाग लिया था, जहां वे वीरतापूर्वक लड़ते हुए शहीद हो गए। उनका बलिदान आज भी देशभक्ति और भाईचारे की प्रेरणा देता है।
लोकगीतों के जरिए दी श्रद्धांजलि
समारोह में प्रसिद्ध भपांग वादक और पद्मश्री से सम्मानित कलाकार गफूरुद्दीन मेवाती ने लोकगीत प्रस्तुत कर शहीद राजा हसन खां मेवाती को याद किया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम का आयोजन हसन खां मेवाती विकास मंच अलवर के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष शालिम हुसैन ने की।
समारोह में प्रकाश गंगावत सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में छात्रसंघ अध्यक्ष हकमुदीन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अजीत यादव, पुष्प राज, इम्तियाज हुसैन, राशिद इलयासी, शाहरुख मेवाती, समयदीन, सलमान, उमर खान, मुस्ताक, गोरधन शर्मा, बाबर खान और हनीफ खान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
