नई दिल्ली, 20 फरवरी 2026। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। यह उनके वर्तमान कार्यकाल में प्रधानमंत्री रामगुलाम की दूसरी भारत यात्रा है। यह भेंट 9 फरवरी 2026 को दोनों नेताओं के बीच हुई टेलीफोन बातचीत के बाद संपन्न हुई।
बैठक में दोनों नेताओं ने भारत–मॉरीशस उन्नत रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल सहयोग सहित बहुआयामी क्षेत्रों में द्विपक्षीय जुड़ाव को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
उभरती प्रौद्योगिकियों की बढ़ती प्रासंगिकता को स्वीकार करते हुए, दोनों प्रधानमंत्रियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार-आधारित क्षेत्रों में सहयोग को समावेशी एवं सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस दिशा में क्षमता निर्माण, डिजिटल साझेदारी और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
दोनों नेताओं ने मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं के समर्थन में भारत द्वारा दिए गए विशेष आर्थिक पैकेज के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मॉरीशस भारत की विकास साझेदारी का रोल मॉडल है, जो आपसी विश्वास और प्रगति के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बैठक में भारत के विजन महासागर (MAHASAGAR) और नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत भारत–मॉरीशस साझेदारी के स्थायी महत्व की पुष्टि की गई। दोनों नेताओं ने आपसी समृद्धि और ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में इस साझेदारी के योगदान पर विशेष बल दिया।
अंत में, दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करते रहने पर सहमति व्यक्त की।
