अलवर, 11फरवरी । राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 में अलवर जिले को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली है। वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिले से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति दी है, जिससे सड़क, पर्यटन और शहरी आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
सड़कों के लिए करोड़ों की मंजूरी
बजट में कुशालगढ़ से थैंक यू बोर्ड तक नई सड़क निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं भर्तृहरि पुलिया के निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इसके अलावा जिंदौली घाटी की पुरानी सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 1.64 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। बताया जा रहा है कि इन तीनों कार्यों की मांग मंत्री संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री से मिलकर की थी।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
पर्यटन स्थलों का होगा जीर्णोद्धार
वन मंत्री की पहल पर प्रतापगढ़ किला और बर्डोद रूंध हवेली का जीर्णोद्धार और विकास किया जाएगा। साथ ही बामन मोड़ घाटी जिंदौली को ‘हनुमान वाटिका’ के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
शहरी विकास को भी गति
अलवर शहर में प्रशासनिक और सार्वजनिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई घोषणाएं की गई हैं—
- नया डीएसपी कार्यालय बनेगा
- नई जेल का निर्माण होगा
- अंबेडकर नगर में बिजली विभाग का नया जीएसएस (GSS) स्थापित किया जाएगा
- पॉलीटेक्निक महाविद्यालय की स्थापना
- बुद्ध विहार में प्रथम श्रेणी का पशु चिकित्सालय खोला जाएगा
मंत्री संजय शर्मा ने इन घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट अलवर के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इन परियोजनाओं से जिले की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और पर्यटन, शिक्षा व रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
