नई दिल्ली, 01 FEB । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय बजट 2026 को 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा है कि यह बजट भारत की रिफॉर्म एक्सप्रेस को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से बजट पर अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत केवल सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं है, बल्कि देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने इसे 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक आकांक्षा बताया।
मोदी ने कहा कि यह बजट मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को गति देने वाला महत्वाकांक्षी रोडमैप है। बजट में एमएसएमई को दी गई सहायता स्थानीय उद्योगों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में नई ताकत प्रदान करेगी।
प्रधानमंत्री ने बजट को युवा शक्ति का बजट बताते हुए कहा कि इसमें नवप्रवर्तकों, निर्माताओं और स्टार्टअप्स को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि डेटा सेंटर हब, पर्यटन, गेमिंग, खेल, ऑरेंज इकॉनमी और कौशल विकास से युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होंगे।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के लिए आधुनिक तंत्र को प्राथमिकता दी गई है, ताकि समृद्धि हर घर तक पहुंचे। साथ ही छात्राओं के लिए नए छात्रावासों के निर्माण से शिक्षा और अधिक सुलभ होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। बजट में किसानों को उनकी भाषा में जानकारी देने के लिए भारत एक्सटेंशन एआई टूल जैसे नवाचार किए गए हैं, जिससे खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बजट महत्वाकांक्षी है और देश की आकांक्षाओं को पूरा करता है। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को भविष्य उन्मुख, संवेदनशील और जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई दी।
