जयपुर | 20 जनवरी 2026 / राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 22 जनवरी से राज्य में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा। इसके असर से कई जिलों में बादल छाने, आंधी चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि मावठ के प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। बीते कुछ दिनों से कोहरे और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी खराब श्रेणी में पहुंच गया है।
दिन में भी बढ़ी सर्दी
सोमवार को जयपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, सीकर सहित कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे और धुंध का असर दिखा। कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आई, जिससे दिन के समय भी ठंड का असर बढ़ गया।
फिर बिगड़ी हवा की गुणवत्ता
कोहरे और बादलों के कारण प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता खराब रही।
भिवाड़ी (AQI 344), बहरोड़ (337) और बीकानेर (303) में AQI 300 के पार दर्ज किया गया। वहीं जयपुर, चूरू, जैसलमेर, झुंझुनू, सीकर और टोंक में AQI 200 से 300 के बीच रहा।
धूप कमजोर, तापमान में गिरावट
बादलों और धुंध के कारण धूप कमजोर रही। जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में दोपहर के समय भी हल्का अंधेरा-सा माहौल बना रहा। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई और दिन में सर्दी सामान्य से अधिक महसूस की गई।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान (19 जनवरी)
-
अलवर: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 7.2°C
-
जयपुर: अधिकतम 24.1°C, न्यूनतम 13.7°C
-
अजमेर: अधिकतम 24.8°C, न्यूनतम 10.2°C
-
कोटा: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 11°C
-
बीकानेर: अधिकतम 24.6°C, न्यूनतम 9.2°C
-
जोधपुर: अधिकतम 26.8°C, न्यूनतम 10.4°C
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें।
